* नई दिल्ली में हुई मुलाकात, पार्टी की आगामी रणनीति और ‘विकसित भारत’ के विज़न पर हुई विस्तृत चर्चा अहमदाबाद (ईएमएस)| नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के सर्वसम्मत चयन के अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनसे रूबरू भेंट कर हार्दिक अभिनंदन और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन को पार्टी की इस नई, जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका के लिए बधाई दी तथा भविष्य में उनके नेतृत्व में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि नितिन नबीन की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, पार्टी की आगामी रणनीतियों तथा देश के समग्र विकास के लिए संयुक्त प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही गुजरात में भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नितिन नबीन के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व में भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। पार्टी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में एक सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने आगे कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा देशभर में अपनी पहुंच को और व्यापक करेगी तथा देशवासियों के हृदय में अपना स्थान और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि वे नई दिल्ली में प्रधानमंत्री, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ नितिन नबीन को शुभकामनाएं देने के लिए उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा, “नितिन नबीन की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति पार्टी के लिए अत्यंत शुभ है। उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और देशभक्ति से भारतीय जनता पार्टी और अधिक मजबूत बनेगी। गुजरात भाजपा सदैव राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करती रही है।” इस भेंट के दौरान दोनों नेताओं ने देश के समक्ष उपस्थित विभिन्न चुनौतियों से निपटने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में भाजपा की निर्णायक भूमिका को लेकर भी गहन चर्चा की। सतीश/20 जनवरी