राष्ट्रीय
22-Jan-2026


नई दिल्ली(ईएमएस)। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट ने वर्ष 2025 के लिए प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण एवं विकास पुरस्कार अफ्रीका की प्रख्यात समाजसेवी, मानवाधिकार कार्यकर्ता और पूर्व मंत्री ग्रासा माशेल को प्रदान करने की घोषणा की है। यह निर्णय अंतरराष्ट्रीय जूरी द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया। पुरस्कार की औपचारिक घोषणा बुधवार को की गई। ट्रस्ट की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ग्रासा माशेल को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण और मानवीय सहायता के क्षेत्र में दशकों तक किए गए असाधारण कार्यों के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। कठिन परिस्थितियों में भी मानव गरिमा, समानता और न्याय के लिए उनके निरंतर संघर्ष को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। मोज़ाम्बिक में जन्मीं ग्रासा माशेल ने देश की स्वतंत्रता के बाद शिक्षा और संस्कृति मंत्री के रूप में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में स्कूल नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और विशेष रूप से लड़कियों की शिक्षा को व्यापक बढ़ावा मिला। 1990 के दशक में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के लिए सशस्त्र संघर्षों का बच्चों पर प्रभाव विषयक ऐतिहासिक अध्ययन का नेतृत्व किया, जिसने विश्व स्तर पर बाल अधिकारों की बहस को नई दिशा दी। ग्रासा माशेल ‘द एल्डर्स’ की संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और ‘नॉट ब्राइड्स’ जैसी वैश्विक पहल से भी जुड़ी रही हैं। वे संयुक्त राष्ट्र महासचिव के सतत विकास लक्ष्यों के लिए एडवोकेसी समूह की सदस्य रही हैं और अफ्रीका चाइल्ड पॉलिसी फोरम की संरक्षक भी हैं। महिलाओं और किशोरियों के कल्याण में योगदान के लिए उन्हें विश्व स्वास्थ्य संगठन का गोल्ड मेडल सहित कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट ने कहा कि ग्रासा माशेल का जीवन और कार्य इंदिरा गांधी के उन मूल्यों को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करता है, जिनमें शांति, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास सर्वोपरि हैं। यह पुरस्कार उनके कार्यों के माध्यम से एक अधिक न्यायसंगत और समतामूलक विश्व के निर्माण की प्रेरणा देता है। पुरस्कार प्रदान करने का औपचारिक समारोह शीघ्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। वीरेंद्र/ईएमएस/22जनवरी2026