क्षेत्रीय
22-Jan-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहर के नव नियुक्त जिलाध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर आज कांग्रेस भवन में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही पूरे जिले एवं शहर के हर बूथ से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता समारोह में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव एवं जिला प्रभारी सुबोध हरितवाल मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। पार्टी विरोधी गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई-सुधांशु मिश्रा नव नियुक्त शहर जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर पार्टी हित में कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा अगर कोई पार्टी के खिलाफ जाकर कोई गतिविधि करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने में मैं बिल्कुल भी संकोच नहीं करूंगा, चाहे वह कितना ही बड़ा व्यक्ति क्यों न हो। कांग्रेस को आगे बढ़ाने का संकल्प-महेंद्र गंगोत्री नव नियुक्त ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर मौके पर उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं ने नव नियुक्त जिलाध्यक्षों को बधाई दी और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मजबूत जीत दिलाने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करना जरूरी है। कांग्रेस भवन में दिखा जोश और उत्साह शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कांग्रेस भवन में भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह जोश, उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक बन गया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा