कांकेर(ईएमएस)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांकेर ब्लॉक के मरकाटोला, धनेलीकन्हार और कन्हारपुरी में मनरेगा चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा कानून को समाप्त करने की कथित साजिश का आरोप लगाया और ग्रामीणों को इस बारे में जागरूक किया। चौपाल को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर ने कहा कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि इसे बचाने के लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ठाकुर ने लोगों से अपील की कि वे संगठित होकर मनरेगा के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करें। मनरेगा बचाओ संग्राम के ब्लॉक समन्वयक जनक नंदन कश्यप ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य रोजगार, मजदूरी और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों में जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की जीवनरेखा है। कांग्रेसियों का आरोप है कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के 40 प्रतिशत भुगतान का जिम्मा राज्य सरकार पर डाल दिया है, जबकि राज्य सरकार पहले से ही कर्ज में है। ऐसे में मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना मुश्किल हो रहा है। जनचौपाल में वरिष्ठ कांग्रेसी सरजू शोरी, नरोत्तम पड़ोटी, देवेन्द्र साहू, उमेश साहू, बसंत साहू, झमित कड़ियाम, कमल नागवंशी, तारस सिन्हा, किसन साहू, मनीष दीपक, संदीप ध्रुवा, सुभाष सलाम, किरण साहू और बालकुमार पोया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)22 जनवरी 2026