- निगम कमिश्नर ने एपीजे अब्दुल कलाम प्लेनेटेरियम का भी किया निरीक्षण बिलासपुर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने राजा रघुराज सिंह स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां चल रहे नवीनीकरण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए तय समय-सीमा के भीतर सभी शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगम कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि खिलाडय़िों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि स्टेडियम में मैदान का समतलीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही पैवेलियन निर्माण, स्प्रिंकलर सिस्टम की स्थापना, प्रतिमा निर्माण और मैदान के विस्तार का कार्य भी पूरा हो चुका है। वर्तमान में पूरे स्टेडियम में रंग-रोगन का कार्य प्रगति पर है। निगम कमिश्नर ने पेंटिंग सहित अन्य बचे हुए कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्लेनेटेरियम का भी किया निरीक्षण निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने व्यापार विहार स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्लेनेटेरियम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी और उद्यान को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। प्लेनेटेरियम शैक्षणिक और वैज्ञानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, इसलिए यहां आने वाले नागरिकों और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 23 जनवरी 2026