- एक दिवसीय कार्यशाला नव सृजन संकल्प प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन हुआ - जिसमें प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए ग्वालियर ( ईएमएस ) । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के ग्वालियर आगमन पर ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा फूल-मालाओं, नारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग की एक दिवसीय कार्यशाला नव सृजन संकल्प प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस परिवार जनहित, न्याय और बदलाव के संकल्प के साथ और मजबूती से आगे बढ़ रहा है। कार्यशाला नव सृजन संकल्प प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश सह-प्रभारी श्रीमती संजना जाटव , राज्यसभा सांसद अशोक सिंह पूर्व मंत्री एवं राघोगढ़ विधायक श्री जयवर्धन सिंह जी, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा , पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी माननीय विधायकगण, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारीगण, जिला अध्यक्षगण, वरिष्ठ कांग्रेस नेतागण, ब्लॉक अध्यक्षगण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में माननीय प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी , संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा आजाद हिंद फौज के संस्थापक सुभाष चंद्र बोस जी की 129वीं जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि इन महान नेताओं के आदर्श हमें जनता की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम यहां नव सृजन के संकल्प के साथ इकट्ठा हुए हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता के दर्द को समझता है। हमारी लड़ाई बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक न्याय के लिए है। भाजपा की सरकार ने वादे तो बहुत किए, लेकिन अमल कुछ नहीं। अब समय आ गया है कि हम संगठित होकर जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाएं। यह प्रशिक्षण शिविर हमें नई दिशा देगा, नई ऊर्जा देगा और हमें विजयी बनाने का रास्ता दिखाएगा। कांग्रेस का हर सदस्य एक योद्धा है, और हम मिलकर बदलाव लाएंगे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव जी ने कांग्रेसजनो को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय प्रदेश अध्यक्ष जी का ग्वालियर आगमन हमारे लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। ग्वालियर-चंबल संभाग में कांग्रेस की जड़ें मजबूत हैं, और यह कार्यशाला हमें और सशक्त बनाएगी। हम स्थानीय मुद्दों जैसे जल संकट, शिक्षा की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए लड़ रहे हैं। कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि घर-घर जाकर कांग्रेस के संदेश को पहुंचाएं। जीतू पटवारी जी के नेतृत्व में हम न केवल चुनाव जीतेंगे, बल्कि जनता का विश्वास भी जीतेंगे। कार्यशाला में अन्य वरिष्ठ कांग्रेसजनो ने भी अपने विचार रखे। राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने कहा, कांग्रेस का इतिहास संघर्ष का इतिहास है। आज हम बाबा साहेब के संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। मप्र की सहप्रभारी श्रीमती संजना जाटव जी ने महिलाओं और युवाओं पर जोर देते हुए कहा भाजपा ने मप्र को महिला उत्पीड़न, अत्याचार में नंबर एक बना दिया है, प्रदेश में चारो तरफ जंगलराज चल रहा है, कांग्रेस महिलांओ के हितो की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, कांग्रेस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। हम सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह शिविर हमें नए विचार देगा, ताकि हम जनता से जुड़ सकें और बदलाव ला सकें। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी गांधी जी के अहिंसा और बोस जी के क्रांतिकारी उत्साह से प्रेरित है। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करके हम संगठन को अजेय बनाएंगे। प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वादो से थक चुकी है। अब कांग्रेस का समय है। पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की आवाज मजबूत हो रही है। किसान और मजदूर हमारे साथ हैं। जीतू पटवारी जी के नेतृत्व में हम नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे और न्याय की जीत सुनिश्चित करेंगे। यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को नया दृष्टिकोण, नई ऊर्जा और मजबूत संकल्प प्रदान करने वाला रहा। इसके माध्यम से कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने कांग्रेस की जीत का संकल्प लिया।