नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खड़गे ने उत्तर प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को याद करते हुए गंगा-जमुनी तहजीब को प्रदेश की सबसे बड़ी पहचान बताया। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संदेश में कहा, कि उत्तर प्रदेश अपने गौरवशाली आध्यात्मिक इतिहास से आलोकित रहा है। यह वह पावन भूमि है, जहां भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, बाबा विश्वनाथ, संत कबीर और गुरु रैदास जैसी महान विभूतियों की स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक समरसता और विविधता का भी अनुपम उदाहरण है। खड़गे ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना करते हुए स्थापना दिवस की शुभेच्छाएं दीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब का अद्भुत संगम और समृद्ध परंपराओं से परिपूर्ण उत्तर प्रदेश भारत की सांस्कृतिक विरासत की सशक्त पहचान है। राहुल गांधी ने आशा व्यक्त की कि प्रदेश सद्भाव, एकता और प्रगति के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़े। यूपी कांग्रेस ने दीं शुभकामनाएं उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा, कि नवाबों का शहर हो या ताजमहल की चमक, उत्तर प्रदेश की मिट्टी की बात ही कुछ अलग है। संस्कृति, कला और तहजीब के इस संगम को नमन करते हुए पार्टी ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इंडियन यूथ कांग्रेस ने भी दी बधाई इंडियन यूथ कांग्रेस ने भी इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ प्रेरणादायी अतीत के लिए जाना जाता है। संगठन ने कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब से परिपूर्ण यह राज्य देश को दिशा देने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य होने के साथ-साथ राजनीति, संस्कृति और इतिहास में विशेष स्थान रखता है। स्थापना दिवस के मौके पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों द्वारा प्रदेश की विरासत को याद करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। हिदायत/ईएमएस 24जनवरी26