व्यापार
25-Jan-2026


- 364 स्लॉट्स दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में छोड़े गए नई दिल्ली (ईएमएस)। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने जनवरी से मार्च 2026 के लिए कुल 717 घरेलू स्लॉट्स खाली किए हैं। जनवरी और मार्च में 361-361 स्लॉट्स छोड़े गए जबकि फरवरी में केवल 43 स्लॉट्स खाली किए गए। स्लॉट्स का मतलब एयरलाइन को टेकऑफ और लैंडिंग के लिए दिया गया तय समय होता है। दिसंबर 2025 में इंडिगो की उड़ानों में भारी अव्यवस्था हुई थी। 3 से 5 दिसंबर के बीच 2507 उड़ानें रद्द और 1852 उड़ानें देरी से चलीं, जिससे तीन लाख से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए। इसके बाद डीजीसीए ने इंडिगो के विंटर शेड्यूल में 10 प्रतिशत कटौती का आदेश दिया। खाली किए गए 717 स्लॉट्स में से 364 स्लॉट्स छह प्रमुख मेट्रो एयरपोर्ट्स—दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद से हैं। सबसे ज्यादा स्लॉट्स बेंगलुरु और हैदराबाद एयरपोर्ट्स से छोड़े गए। इंडिगो ने स्लॉट्स की सूची नागरिक उड्डयन मंत्रालय को सौंप दी है। मंत्रालय ने अन्य एयरलाइंस से आवेदन मांगे हैं, ताकि ये स्लॉट्स खाली न रहें। हालांकि, ये स्लॉट्स सिर्फ मार्च 2026 तक उपलब्ध हैं। डीजीसीए ने इंडिगो पर 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया और सीईओ व दो वरिष्ठ अधिकारियों को चेतावनी दी। एयरलाइन को 50 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा करनी होगी। अव्यवस्था का कारण फ्लाइट क्रू की कमी, सिस्टम खामियां और ऑपरेशनल कंट्रोल में कमजोरियां बताई गई हैं। विंटर शेड्यूल में इंडिगो को प्रति दिन 2144 उड़ानों की अनुमति थी, 10 प्रतिशत कटौती के बाद यह घटकर लगभग 1930 हो गई। समर शेड्यूल में रोजाना औसतन 2022 उड़ानें संचालित होती थीं। सतीश मोरे/25जनवरी ---