क्षेत्रीय
25-Jan-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा जिले में साइबर पुलिस थाना की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। साइबर पुलिस थाना की घोषणा के बाद उप निरीक्षक अजय सोनवानी को इसका पहला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे साइबर सेल के प्रभारी के रूप में कार्यरत थे और थाना गठन के बाद उन्हें प्रभारी के रूप में ही पदस्थापित रखा गया है। इस संबंध में कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा एक अधिकृत आदेश जारी किया गया है। यह कार्यवाही गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की अधिसूचना 21 नवंबर के तहत की गई है। जारी आदेश के अनुसार साइबर पुलिस थाना कोरबा में कुल 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। आदेश में उप निरीक्षक अजय सोनवानी को साइबर पुलिस थाना कोरबा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह कंवर एवं प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा सहित आरक्षक सुशील यादव, आलोक टोप्पो, संजीव कुमार सिंह, श्याम कुमार सिदार, प्रशांत सिंह, रेणु टोप्पो, विरकेश्वर प्रताप सिंह, डेमन ओगरे और रवि कुमार चौबे को साइबर पुलिस थाना में पदस्थ किया गया है। साइबर पुलिस थाना के गठन से ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों तथा अन्य डिजिटल अपराधों की जांच और कार्यवाही में तेजी आने की उम्मीद है। इससे आम नागरिकों को साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए अब थाना स्तर पर अलग से सुविधा भी उपलब्ध होगी। पुलिस प्रशासन का मानना है कि साइबर थाना के संचालन से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सकेगा। यह आदेश 24 जनवरी से प्रभावशील माना गया है। 25 जनवरी / मित्तल