राज्य
25-Jan-2026
...


:: 31वां प्रकाशोत्सव : आज भव्य पुष्प बंगले में विराजेंगी मां पराम्बा; मथुरा-वृंदावन के फूलों से महकेगा आश्रम :: इंदौर (ईएमएस)। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम में 31वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ के प्रकटोत्सव पर रविवार को सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान 51 विद्वान आचार्यों ने महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में ‘भगवन’ के श्री विग्रह का गो-दुग्ध, फलों के रस और गो-घृत से अभिषेक किया। :: नर्मदा जल में नौका विहार की जीवंत झांकी :: संध्या काल में आश्रम परिसर में नर्मदा के पवित्र जल के बीच मां भगवती के नौका विहार की जीवंत झांकी सजाई गई। कमल पुष्प पर विराजित मां पराम्बा के लघु विग्रह के दर्शन हेतु भक्तों का तांता लगा रहा। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने पूजन कर नौका विहार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दीप मालिकाएं सजाई गईं और समूचा मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत सज्जा से आलोकित हो उठा। आयोजन में सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा और राजेन्द्र महाजन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे रहे। :: आज पुष्प बंगला, कल मनेगा दीपोत्सव :: आश्रम परिवार के अनुसार, गुप्त नवरात्रि और प्रकाशोत्सव की श्रृंखला में महाअष्टमी (सोमवार, 26 जनवरी) को शाम 6 बजे से मां भगवती का भव्य पुष्प बंगला श्रृंगार किया जाएगा। इसके लिए मथुरा, वृंदावन, कोलकाता और दिल्ली से विशेष किस्म के फूल बुलवाए गए हैं। अगले दिन मंगलवार, 27 जनवरी को शाम 6 बजे से भव्य दीपोत्सव एवं छप्पन भोग दर्शन का आयोजन होगा। प्रकाश/25 जनवरी 2026