राज्य
25-Jan-2026


:: मप्र के 21 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित; इंदौर के दो शीर्ष अफसरों को मिला विशिष्ट सेवा का गौरव :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वाधीनता दिवस-2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस के जांबाज अधिकारियों के पदकों की घोषणा कर दी है। इंदौर के लिए यह गौरव का क्षण है कि शहर के पुलिस कप्तान (कमिश्नर) संतोष कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक के लिए चुना गया है। प्रदेश भर से कुल 21 पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है, जिन्हें 15 अगस्त 2026 को आयोजित गरिमामय समारोह में अलंकृत किया जाएगा। विशिष्ट सेवा पदक की श्रेणी में इंदौर के इन दो शीर्ष अधिकारियों के साथ ही आईजी (नर्मदापुरम) मिथिलेश कुमार शुक्ला और निरीक्षक शिव कुमार पटेल को भी इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जाएगा। इन अधिकारियों को उनकी अटूट कर्तव्यनिष्ठा और पुलिसिंग में नवाचारों के आधार पर चयनित किया गया है। :: सराहनीय सेवा पदक की सूची :: सराहनीय सेवा पदक के लिए प्रदेश के 17 पुलिसकर्मियों का चयन हुआ है। इसमें गृह विभाग की सचिव व आईजी श्रीमती कृष्णावेणी देसावतु, खंडवा एसएसपी मनोज कुमार राय, ग्वालियर जोनल एसपी गितेश कुमार गर्ग और लोकायुक्त भोपाल एसपी दुर्गेश कुमार राठौर शामिल हैं। इसके साथ ही निरीक्षक प्रवीण सिंह, राजेन्द्र गुप्ता, निधि श्रीवास्तव, शैफाली टाकलकर, राजू गुराने, डीएसपी संजय सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक प्रेम किशोर व्यास, उमराव प्रसाद जाटव, एएसआई महेंद्र सिंह नेगी, संतोष मेहरा, प्रधान आरक्षक श्रीराम मिश्रा और आरक्षक सुशील व रविंद्र मिश्रा भी सम्मानित होंगे। प्रकाश/25 जनवरी 2026