:: भव्य समारोह की तैयारियां पूर्ण; परेड में शामिल होंगी 15 प्लाटून, नयनाभिराम झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण :: इंदौर (ईएमएस)। इन्दौर में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह 26 जनवरी को सुबह 9 बजे नेहरू स्टेडियम में गरिमामय ढंग से आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में झंडा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। प्रशासन ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह में परेड का नेतृत्व परेड कमांडर सहायक पुलिस आयुक्त कुन्दन मण्डलोई करेंगे, जबकि टूआईसी की भूमिका सूबेदार राजू सांवले निभाएंगे। परेड में आरएपीटीसी, विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष व महिला), होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी और रेडक्रॉस सहित कुल 15 प्लाटून शामिल होंगी। परेड के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शासन की उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। स्कूली बच्चे देशभक्ति गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। मुख्य अतिथि द्वारा वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रारंभ ठीक सुबह 9 बजे झंडा फहराने और राष्ट्रगान के साथ होगा, जिसके बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। :: शासकीय कार्यालयों में भी उत्सव :: मुख्य समारोह के पूर्व सभी शासकीय कार्यालयों में झंडा फहराया जाएगा। संभागायुक्त कार्यालय में सुबह 8 बजे संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और कलेक्टर कार्यालय में सुबह 8 बजे ही कलेक्टर शिवम वर्मा झंडा फहराएंगे। प्रकाश/25 जनवरी 2026