:: वृद्धाश्रम को 12 गीजर व टीवी भेंट, फार्म हाउस पर सदस्यों ने जिया ग्रामीण जीवन :: इंदौर (ईएमएस)। जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप पीएम परिवार द्वारा अंग्रेजी नववर्ष का मंगलमय शुभारंभ सेवा कार्यों के साथ किया गया। मानवता और अपनी जड़ों से जुड़ने के संकल्प के साथ ग्रुप के सदस्यों ने शहर के विभिन्न सेवा केंद्रों पर पहुँचकर खुशियाँ साझा कीं। ग्रुप अध्यक्ष नवीन-वर्षा जैन के मार्गदर्शन में प्रथम सेवा प्रकल्प के तहत सदस्य एयरपोर्ट रोड स्थित नमो नवकार सेवा आश्रम पहुँचे। यहाँ बच्चों को नवीन वस्त्र व दैनिक उपयोगी सामग्री भेंट की गई। बच्चों ने भी स्वागत गीतों की प्रस्तुति देकर अतिथियों का मन मोह लिया। सेवा का यह कारवां इसके बाद राज शांति आशियाना वृद्धाश्रम पहुँचा। यहाँ ग्रुप द्वारा नवनिर्मित भवन हेतु 12 गीजर एवं एक टीवी सेट भेंट किया गया। बुजुर्गों का स्नेहिल आशीर्वाद पाकर सदस्य भाव-विभोर हो गए। सेवा कार्यों के उपरांत समूह ने नेमावर रोड स्थित एक फार्म हाउस पर ग्रामीण परिवेश के बीच समय बिताया। संयोजक मनीष-संगीत वया व शैलेन्द्र-श्वेता बोहरा ने बताया कि आधुनिकता के दौर में ग्रामीण संस्कृति को महसूस करने के लिए सभी सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में यहाँ एकत्रित हुए। ढोल-ताशों के साथ हुए स्वागत के बाद सदस्यों ने बैलगाड़ी-ऊंटगाड़ी की सवारी की। इस दौरान चक्की पीसना, कठपुतली, जादूगर के खेल और सितौलिया-गिल्ली डंडा जैसे पारंपरिक खेलों का आनंद लिया गया। आयोजन में सचिव रवि-अंजली बाफना, नीलेश-निधि बाफना सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे। प्रकाश/25 जनवरी 2026