राज्य
28-Jan-2026
...


:: बीज संग्रहण परियोजना के जरिए छात्राओं ने दिया जैव-विविधता संरक्षण का संदेश; दुर्लभ देशी बीजों का वैज्ञानिक प्रदर्शन :: इंदौर (ईएमएस)। पर्यावरण संरक्षण और आगामी पीढ़ियों के लिए जैव-विविधता को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर (एमएलबी) महाविद्यालय में पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। पर्यावरण विभाग (म.प्र. शासन) और वन एवं जलवायु मंत्रालय (भारत सरकार) द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में बीज संग्रहण परियोजना एवं सीड बैंक की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के निर्देशन में ईको क्लब एवं प्राणी शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा जैन द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्राओं को बीज बैंक की महत्ता और उनके संरक्षण की वैज्ञानिक विधियों से अवगत कराना था। :: सीड बैंक : मानवता की अमूल्य धरोहर :: मुख्य अतिथि एवं वनस्पति शास्त्र के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. सुभाष सोनी ने महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छात्राओं को सीड आइडेंटिफिकेशन (बीजों की पहचान) के गुर सिखाए। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी ने कहा कि वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर संचालित होने वाले सीड बैंक भविष्य की खाद्य सुरक्षा के लिए अनिवार्य हैं। :: वैज्ञानिक पद्धति से प्रदर्शन और पुरस्कार :: विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के देशी, पारंपरिक और दुर्लभ बीजों को वैज्ञानिक ढंग से संग्रहित किया गया है। प्रत्येक बीज के साथ उसका नाम, उत्पादन क्षेत्र, उपयोग और संरक्षण की विशेषताओं को भी दर्शाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. मनीषा जोशी, डॉ. दुर्गेश शांडिल्य, डॉ. रितु माथुरिया सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। संचालन एवं आभार डॉ. अमरीश निगम द्वारा व्यक्त किया गया। प्रकाश/28 जनवरी 2026