क्षेत्रीय
28-Jan-2026


चुंगी पर फिर कटौती, हड़ताल पर जा सकते है निगम कर्मचारी छिंदवाड़ा (ईएमएस)। इ नगर पालिक निगम की आर्थिक स्थिति लम्बे समय से खराब चल रही है। इस पर शासन द्वारा दी जाने वाली चुंगी की राशि मेंं लगातार कटौती की जा रही है। जिसके चलते नगर निगम अपने कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दे पा रहा है। इस माह भी ऐसे ही हालात नगर निगम में बने हुए है। नगर निगम द्वारा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों व ठेका कर्मचारियों को दिसंबर माह का वेतन नहीं दिया गया है। वहीं आधे नियमित व विनियमित कर्मचारियों को ही वेतन दिया गया है। अब भी आधे कर्मचारियों को दिंसबर माह का वेतन नहीं दिया गया है। कर्मचारियों का कहनाहै कि जनवरी माह भी बीतने को आया है। लेकिन अब तक दिसंबर माह का वेतन नहीं मिला है। जनवरी बीतने के बाद निगम द्वारा दिसंबर माह का वेतन दिया जाएगा, एक माह का फिर रोक लिया जाएगा। वेतन न मिलने से कर्मचारियों को जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है। इस लिए अब कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। हालांकि कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने की तिथि की घोषणा नहीं की है लेकिन उनका कहना है कि अगर जल्द वेतन नहीं दिया गया तो हम हड़ताल पर जाएंगे। निगम अधिकारियों ने बताया है कि पिछले माह कटौती कर शासन द्वारा चुंगी की राशि २२ लाख रूपए दी गई थी। लेकिन इस माह उसमें और अधिक कटौती कर उसे १६ लाख कर दिया गया है। ईएमएस/मोहने/ 28 जनवरी 2026