क्षेत्रीय
29-Jan-2026
...


- पोस्टमॉर्टम में महिला के पेट से निकली 11 किलो की रसौली सरगुजा(ईएमएस)। जिले के राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज, अंबिकापुर में पोस्टमॉर्टम के दौरान चिकित्सकों के सामने एक दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 62 वर्षीय महिला महेश्वरी की मृत्यु के बाद किए गए शव परीक्षण में उसके पेट से करीब 20 वर्ष पुरानी गर्भाशय की रसौली (फाइब्राइड) निकली, जिसे देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संतू बाग ने बताया कि मृतका पिछले लगभग दो दशकों से पेट में लगातार सूजन की समस्या से जूझ रही थी। इसके बावजूद उसने कभी किसी प्रकार की चिकित्सकीय जांच या इलाज नहीं कराया। समय के साथ यह रसौली लगातार बढ़ती रही और शरीर के अंदर ही अंदर गंभीर रूप लेती चली गई। जानकारी के अनुसार, महिला को अचानक चक्कर आया, जिससे वह गिर पड़ी। इसके बाद उसकी मौत हो गई। मृत्यु के पश्चात जब पोस्टमॉर्टम किया गया, तब इस गंभीर चिकित्सकीय स्थिति का खुलासा हुआ। पोस्टमॉर्टम के दौरान महिला के पेट से निकाली गई रसौली का वजन करीब 11 किलोग्राम पाया गया, जबकि इसकी परिधि लगभग 32 इंच थी। इतनी बड़ी और लंबे समय से शरीर में मौजूद रसौली को देखकर वरिष्ठ चिकित्सक भी स्तब्ध रह गए। डॉक्टरों के अनुसार, समय रहते जांच और उपचार होता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।