क्षेत्रीय
29-Jan-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल कांकेर में जहर खाने के बाद इलाज के लिए भर्ती 23 वर्षीय तलाकशुदा महिला दिव्या सेठिया अस्पताल से भाग गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और स्टाफ एवं सुरक्षा गार्डों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद महिला को होम गार्ड ने एमजी वार्ड के पीछे, दूध नदी के पास पकड़कर वापस अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार, नरहरपुर के ग्राम नावडबरी की दिव्या सेठिया ने सुबह घर में कनेर और धतूरा फल खाकर खुदकुशी की कोशिश की। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे गंभीर स्थिति में कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती के दौरान महिला दोपहर में बाथरूम जाने का बहाना देकर स्टाफ को चकमा देकर भाग गई। बाद में वह नदी किनारे किसी के मोबाइल से बात कर रही थी। गार्ड ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और अस्पताल में वापस भर्ती कराया। दिव्या की निजी जीवन की जानकारी के अनुसार, उसका पहला विवाह आमाबेड़ा के सेंदूरमेटा के एक युवक से हुआ था, जिसे प्रताड़ना के चलते उसने पिछले साल छोड़ दिया। वर्तमान में सुकमा-कोंटा में पदस्थ एक निजी फाइनेंस कंपनी के मैनेजर से उसका दूसरा विवाह तय है। घटना के दिन सुबह फोन पर हुए विवाद के बाद उसने जहर खाया। महिला ने अस्पताल से भागने का कारण इलाज के दौरान गले में पाइप डालना बताया। अस्पताल स्टाफ ने उसे भरोसा दिलाया कि अब ऐसा नहीं किया जाएगा और सुरक्षित रूप से उसका उपचार जारी रखा जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी है।