क्षेत्रीय
01-Feb-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। नगर में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की अलख जगाने के उद्देश्य से रविवार को ‘समरसता यात्रा’ का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा ने नगर के प्रमुख मार्गों को राष्ट्रीयता के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान युवाओं, वरिष्ठजनों और समाज के विभिन्न वर्गों की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि नगरवासी एकता के सूत्र में बंधे हैं। इस दौरान एक भारत, श्रेष्ठ भारत और समरस समाज, सशक्त राष्ट्र के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। जाति-पाति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित सर्वोपरि यात्रा के दौरान वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की उन्नति उसकी आपसी समझ और सहयोग पर निर्भर करती है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जाति, वर्ग और विचारधाराओं के भेदों को मिटाकर राष्ट्रहित में एकजुट होना है। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि समरसता ही वह नींव है जिस पर एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। यात्रा का समापन अत्यंत अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से अंकित अम्बावतिया, वल्लभ भाई अम्बावतिया, भूपेंद्र सिंह, विपुल दीक्षित, अजित सिंह डोडिया, सोनू बना, धर्मेन्द्र सिंह, बहादुर सिंह, शुभम सिंह, पवन, दीपक, योगेंद्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा साथी उपस्थित थे। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। ईएमएस / 01 फरवरी 2026