मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हाल ही में फायरिंग की घटना हुई, जिसके पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली और चेतावनी दी कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई, तो अगली बार बेडरूम में छाती पर गोली चल सकती है। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि यह पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए चेतावनी है। सोशल मीडिया पोस्ट में गैंग के सदस्यों शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरी बॉक्सर और हरमन संधू ने कहा कि उन्होंने कई बार रोहित शेट्टी को चेतावनी दी थी कि उनके काम में दखल न दें, लेकिन बात नहीं मानी गई। पोस्ट में लिखा गया, इसको ये छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगर आगे फिर हमारी बात नहीं समझी गई, तो अब घर के बाहर नहीं, बल्कि बेडरूम में गोली चलेगी। इसकी छाती पर और आगे पूरे बॉलीवुड को चेतावनी है। हमले के बाद रोहित शेट्टी ने अगले दो दिनों के लिए अपने सभी सार्वजनिक और निजी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। उन्होंने अपने करीबी दोस्तों और सहयोगियों से भी घर न आने का आग्रह किया है और फिलहाल केवल कॉल और मैसेज के जरिए ही संपर्क में हैं। मुंबई पुलिस के साथ मिलकर वह जांच में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं और अपना बयान दर्ज करा रहे हैं। घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इस घटना से बॉलीवुड इंडस्ट्री में खलबली मची हुई है। पिछले कुछ सालों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कई बड़े स्टार्स को निशाना बनाया है। सलमान खान के घर के बाहर हमला हो चुका है, जबकि यूट्यूबर एल्विश यादव और एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर भी फायरिंग की घटनाएं हुई थीं। इसके अलावा, कनाडा में कपिल शर्मा के शो ‘कैप्स कैफे’ के दौरान भी गैंग ने कई बार फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। हिदायत/ईएमएस 01फरवरी26