- झारखंड का बड़ा सप्लायर गिरफ्तार सरगुजा(ईएमएस)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने झारखंड से संचालित नशीले इंजेक्शन के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले कुख्यात सप्लायर रंजीत विश्वकर्मा समेत उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत के 1500 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार तीनों आरोपी झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी हैं और लंबे समय से छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों में नशीले इंजेक्शन की सप्लाई कर रहे थे। दरअसल आबकारी उड़नदस्ता टीम ने झारखंड के गोदरमाना निवासी अनूप गुप्ता और सरगुजा के बतौली निवासी विनय गुप्ता को गिरफ्तार किया था। दोनों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के 1200 नग नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए थे। पूछताछ के दौरान अनूप गुप्ता ने खुलासा किया कि वह यह नशीले इंजेक्शन गढ़वा जिले के रंजीत विश्वकर्मा से खरीदता था। आरोपी ने यह भी बताया कि रंजीत विश्वकर्मा के साथ मंजूर अंसारी और प्रमोद कुमार मिलकर पूरे सप्लाई नेटवर्क को संभालते थे। इस इनपुट के बाद सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने सरगुजा डीआईजी राजेश अग्रवाल से साइबर सेल की सहायता मांगी। साइबर सेल द्वारा मोबाइल लोकेशन ट्रेस किए जाने के बाद 31 जनवरी 2026 की शाम को पलटन घाट क्षेत्र (रामानुजगंज) से तीनों आरोपियों को एक साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 1500 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत करीब 7.50 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों को अनूप गुप्ता और विनय गुप्ता से जुड़े मामले में भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पृथक से एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 फरवरी 2026