अहमदाबाद (ईएमएस)| आज जूनागढ़ जिले की जिला अदालत को बम से उड़ाने की गुमनाम धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड को सूचना दी गई, जिसके बाद जांच अभियान शुरू किया गया। जूनागढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। साथ ही फायर ब्रिगेड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें अत्याधुनिक उपकरणों के साथ अदालत परिसर में तैनात कर दी गईं। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे जिला कोर्ट परिसर को तत्काल प्रभाव से खाली करा लिया गया और सभी एंट्री-एग्जिट प्वाइंट सील कर दिए गए। कोर्ट भवन और परिसर के हर कोने की गहन तलाशी ली जा रही है। पार्किंग एरिया, रिकॉर्ड रूम, जजों के चैंबर और सार्वजनिक गैलरी समेत सभी स्थानों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध या खतरनाक वस्तु बरामद नहीं हुई है, जो राहत की बात है। फिलहाल इस गुमनाम धमकी के मामले में आगे की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं। सतीश/02 फरवरी