02-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) भागीरथपुरा में इन्दौर नगर निगम द्वारा सप्लाई पानी से एक और मौत के बाद अब यहां हुई मौतों का आंकड़ा 32 तक पहुंच गया है। भागीरथपुरा में आज अनिता कुशवाह पैंसठ साल की भी मौत हो गई उन्हें पहले 28 दिसंबर को उल्टी-दस्त की शिकायत पर भाग्यश्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां दो दिन इलाज के बाद राहत के चलते डिस्चार्ज करा घर ले आएं थे लेकिन कुछ ही घंटों बाद फिर हालत बिगड़ी जिस पर उन्हें 1 जनवरी को अरबिंदो हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था फिर वहां से 4 जनवरी को बॉम्बे हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया था। इसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उनकी किडनी भी फेल हो गई, जिसके चलते डायलिसिस करते उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया और अब उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया जिसके बाद उनकी मौत हो गई। ज्ञात हो कि अनीता कुशवाह के पहले, एकनाथ सूर्यवंशी, लक्ष्मी रजक जैन, पहलवान खूबचंद पिता गन्नूदास,  राजाराम बौरासी, बद्री प्रसाद, विद्या बाई की भी भागीरथपुरा में दूषित पानी से संक्रमित होने के बाद गत सप्ताह में ही मौत हो चुकी है। और अब अनीता कुशवाह की मौत के साथ वहां मौतों का आंकड़ा 32 पर पहुंच लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी के अनुसार बताया कि भागीरथपुरा में दूषित पानी से संक्रमित अनीता कुशवाह का शासन की ओर से हायर सेंटर पर इलाज करवाया गया, लेकिन दुर्भाग्य से उनको बचाया नहीं जा सका।