राज्य
02-Feb-2026
...


कई छात्र गेट फांदकर केंद्र में घुसे तो एक कैदी हथकड़ी लगाए परीक्षा देने पहुंचा पटना,(ईएमएस)। बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा 2 फरवरी से शुरू हो गई, जो 13 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों के गेट 9 बजे बंद कर दिए गए, जिसके बाद कई छात्रों को एंट्री नहीं मिली। नालंदा में कुछ छात्र गेट फांद कर केंद्र में घुसते नजर आए, वहीं बेगूसराय में लेट होने पर कुछ छात्राएं फूट-फूट कर रोती नजर आईं। वहीं जहांनाबाद में एक कैदी हथकड़ी लगाकार परीक्षा देने पहुंचा। परीक्षार्थियों को कड़ी चेकिंग के बाद भी अंदर जाने दिया गया। गोपालगंज, पटना समेत कई जिलों के कई सेंटर पर परीक्षार्थियों के जूते उतरवा दिए। ठंड में छात्रों को नंगे पांव परीक्षा देनी पड़ी। वहीं पटना के शास्त्रीनगर के परीक्षा केंद्र पर मुस्लिम छात्राओं के हिजाब भी हटवाए गए। इधर, छात्राओं के लिए बने मॉडल सेंटर पर टीका लगाकर उनकी एंट्री कराई गई। बिहार के 1,762 सेंटर्स पर 2 पालियों में परीक्षा होगी। इसमें 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र हैं। आज पहली शिफ्ट में बायोलॉजी का पेपर है। दूसरी पाली में इकोनॉमिक्स की परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को पेंसिल बॉक्स या पाउच लेकर नहीं जाने दिया गया, हाथ में पेन-पेंसिल और बाकी चीजें ले जाने की इजाजत मिली। एडमिट कार्ड और आधार कार्ड की जांच के बाद ही एंट्री दी गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मॉडल एग्जाम सेंटर को बैलून और फूलों से सजाया गया। यहां सिर्फ छात्राएं ही परीक्षा देंगी। पटना में एक छात्रा का एग्जाम दूसरी शिफ्ट में था, वो फर्स्ट शिफ्ट में ही आ गई। पटना में लेट आने के कारण छात्रा को एंट्री नहीं मिली, उसकी मां गार्ड के आगे हाथ जोड़ती रही। जबरन एंट्री करने पर एफआईआर दर्ज होगी। जमुई में परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्र की बेल्ट उतरवाई गई। सिराज/ईएमएस 02फरवरी26 ----------------------------------