नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली का यमुना जैव विविधता पार्क देसी-विदेशी पक्षियों का पसंदीदा ठिकाना बन गया है। हाल ही में हुई पक्षी गणना में यहां 90 से अधिक प्रजातियों के पक्षी दर्ज किए गए, जिनमें लगभग 30 प्रवासी प्रजातियां थीं। डीडीए के सात जैव विविधता पार्कों में एक साथ हुए इस कार्यक्रम में कुल 81 प्रजातियाँ कालिंदी पार्क में भी मिलीं। ये पार्क दिल्ली को महत्वपूर्ण पारिस्थितिक सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। दिल्ली विकास प्राधिकरण की देखरेख में संचालित सभी सात जैव विविधता पार्कों में एक साथ पक्षी गणना कार्यक्रम आयोजित किया गया। रविवार सुबह आठ से दस बजे के बीच सभी सातों पार्कों में विशेषज्ञों, छात्रों और पक्षी प्रेमियों की टीमों ने पक्षियों की गिनती की और उनकी प्रजातियों का रिकार्ड तैयार किया।