खेल
02-Feb-2026


कोलंबो (ईएमएस)। पाकिस्तान सरकार का टी20 विश्वकप क्रिकेट में भारतीय टीम के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का अपना फैसला भारी पड़ने जा रहा है। भारत और पाक के बीच ये मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है पर पाक सरकार के इंकार के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और श्रीलंकाई बोर्ड की मुश्कलें बढ़ गयी हैं जिसने इस मैच के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अपनी सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि उसकी टीम भारत के खिलाफ मैच में नहीं उतरेगी। पीसीबी के इस फैसले पर आईसीसी ने उसे चेतावनी देते हुए विचार करने को कहा है। इस पूरे मामले में अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड भी कड़े कदम उठा सकता है। इसका कारण है कि भारत-पाक के मुकाबले से मोटी कमाई होती है। ऐसे में अगर 15 फरवरी को यह मुकाबला नहीं हुआ तो श्रीलंका का पर्यटन कारोबार भी प्रभावित होगा। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड इस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है। वह आईसीसी को इस मैच के नहीं होने पर पर्यटन कारोबार को होने वाले नुकसान के बारे में बता सकता है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी भारत-पकिस्तान के तय मैच के नहीं होने पर आर्थिक नुकसान और व्यवस्थाओं से आने वावी परिशानियों के आंकलन का प्रयास कर रहे हैं। भारत और पाक के मैच को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह रहता है। प्रशंसक मुकाबला देखने के लिए मोटी रकम खर्च करने भी तैयार रहते हैं। इस मैच को देखने के लिए हजारों दर्शक, मीडिया कर्मी और प्रायोजक आते है। जिससे एक ही दिन में काफी अच्छी कमाई हो जाती है। ऐसे में आयोजनकर्ताओं को भारी लाभ होता है। जिस जिस स्थल पर ये मुकाबला होना होता है, उसके आस-पास के इलाकों की भी कमाई बढ़ जाती है। वहीं अगर ये मैच नहीं होता है तो इसका सीधा प्रभाव श्रीलंका पर पड़ेगा। भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर कोलंबो के होटलों में पहले से ही भारी संख्या में बुकिंग हो चुकी है और तकरीन सभी कमरे लगभग भर गए हैं पर अब जब मैच को लेकर संशय होने से बड़ी संख्या में बुकिंग रद्द हो सकती है। इसमें विमान कंपनियों को भी नुकसान हो सकता है, क्योंकि इस मैच को लेकर आशंकाएं हावी होने से अब टिकट बुक नहीं होंगे। इसके अलावा टूर ऑपरेटर और स्थानीय कारोबारी भी अब संभावित नुकसान को लेकर परेशान हैं। ईएमएस 02 फरवरी 2026