राष्ट्रीय
02-Feb-2026
...


पंजाब की जनता भोलीभाली है, जिन्‍हें सरकार स्‍वार्थ के चलते मूर्ख बनाती रहती है चंडीगढ़,(ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के बाद कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है कि क्‍या सिद्धू परिवार की घर वापसी होने जा रही है। पीएम मोदी की पंजाब यात्रा से एक दिन पहले कांग्रेस से नाता तोड़ने वालीं नवजोत कौर सिद्धू ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उनका स्‍वागत किया। उन्‍होंने सोशल मीडिया पोस्‍ट में लिखा- पंजाब की जनता भोलीभाली है, जिन्‍हें हमारी सरकार अपने हितों और स्‍वार्थ के चलते मूर्ख बनाती रहती है। नवजोत कौर के इस पोस्‍ट से प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नवजोत कौर सिद्धू ने एक्‍स पर पोस्‍ट शेयर कर कहा कि जब हमारे देश के प्रमुख हमारे राज्य को कुछ देने आते हैं, तो सभी राजनीतिक चोर उनके घर वापसी कार्यक्रम में बाधा डालने के लिए एक मंच पर क्यों इकट्ठा हो जाते हैं? हमें यह स्पष्ट समझना चाहिए कि उन्होंने वह पद और शक्ति अपने परिश्रम से अर्जित की है, ताकि वे हमारे राज्य को कुछ दे सकें। आभारी बनें। पंजाब के लोग भोले-भाले हैं और स्वार्थी सरकारें अपने हितों के चलते उन्हें हमेशा धोखा देती रही हैं। उन्होंने अपने परिवारों के लिए भारी संपत्ति बना ली है। पंजाब के लिए कुछ करना है नहीं। नवजोत कौर सिद्धू ने एक अन्‍य पोस्‍ट में लिखा- मैं संभवतः उन बहुत कम लोगों में से हूं, जिन्होंने किसी भी राजनीतिक कारण से न तो बीजेपी न आप और न ही किसी अन्य पार्टी के किसी नेता से मुलाकात की है और न ही किसी पार्टी ने मुझसे संपर्क किया है। मैं केवल वाहेगुरु के प्रति उत्तरदायी हूं और किसी और के प्रति नहीं। मैं सिर्फ पंजाब के लोगों की सेवा करना चाहती हूं, जिसे मैं एक एनजीओ बनाकर कर सकती हूं और गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं को समझकर और जीवित विकसित संतों के सान्निध्य में रहकर निस्वार्थ सेवा और आत्मा के विकास के बारे में थोड़ा सीखते हुए अपनी आत्मा के उत्कर्ष के लिए कार्य करना चाहती हूं। नवजोत कौर सिद्धू ने एक और पोस्‍ट में लिखा- पंजाब के मुख्यमंत्री, जब पीएम मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब उन्होंने तीन बार स्पष्ट बहुमत से जीत हासिल की, क्योंकि वे गुजरात के हर नागरिक के प्रति जवाबदेह रहे। मुख्यमंत्री जी आप पंजाब के लोगों के पैसे का इस्तेमाल शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि आदि के लिए करने के बजाय अपने फायदे के लिए मुफ्त योजनाओं में नहीं कर सकते। आपने आपके खिलाफ बोलने वालों की आवाज दबा दी है। हर व्यक्ति का एक समय होता है और वाहेगुरु जी ही सभी के वास्तविक न्यायाधीश हैं। आप उनसे कुछ भी नहीं छुपा सकते। सिराज/ईएमएस 02फरवरी26 -----------------------------------