सूर्यकुमार टॉस के लिए उतरेंगे मुम्बई (ईएमएस)। पाकिस्तान के भारत के खिलाफ टी20 विश्वकप क्रिकेट मुकाबला नहीं खेलने की घोषणा के बाद भी भारतीय टीम इस मैच के लिए तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी। वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाक से अपने फैसले पर फिर विचार करने को कहा है पर अगर पाक ऐसा नहीं करता तो उसे नुकसान होना तय है। इसका कारण है कि भारतीय टीम पाक के खिलाफ इस मैच के लिए स्टेडियम पहुंचेगी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए कोलंबो के मैदान पर भी जाएंगे। वहीं पाक के नहीं उतरने से भारतीय टीम को विजयी मानते हुए दो अंक मिल जाएंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मैच के बहिष्कार को लेकर अपनी सरकार के फैसले का समर्थन किया है। वहीं भारतीय टीम आईसीसी के नियमों का पालन करते हुए श्रीलंका जाएगीअभ्यास करेगी, प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, समय पर स्टेडियम पहुंचेगी और मैच रेफरी के आधिकारिक तौर पर मैच रद्द करने का इंतजार करेगी। आईसीसी के नियमों के अनुसार वॉकओवर तभी दिया जाता है जब कोई टीम टॉस के लिए मैदान पर नहीं पहुंचती। ऐसे में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार के टॉस के लिए आने की उम्मीद है। वहीं अगर उस समय पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा नहीं आते हैं, तो मैच रेफरी भारत को वॉकओवर देगा और भारत को दो अंक मिल जाएंगे. वहीं आईसीसी ने पाकिस्तान के इस फैसले पर नाराजगी जताय है और उसने सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि इससे पाक पर सख्त कार्रवाई हो सकती है। आईसीसी ने कहा, ‘उम्मीद है पीसीबी अपने देश में क्रिकेट पर पड़ने वाले बड़े और लंबे समय के असर पर विचार करेगा, क्योंकि इस फैसले का प्रभाव वैश्विक क्रिकेट पर पड़ेगा।’ आईसीसी ने साथ ही कहा कि ये फैसल पाक खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए नुकसानदेह साबित होगा। ईएमएस 02फरवरी 2026