राष्ट्रीय
02-Feb-2026


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का 28 जनवरी को बारामती में हुए एक प्लेन क्रैश में अचानक निधन हो गया। इस घटना से समूचे महाराष्ट्र में गम का माहौल है। इस हादसे में अजीत पवार, उनके सिक्योरिटी गार्ड विदीप जाधव, पायलट सुमित कपूर और शाम्भवी पाठक तथा फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली समेत प्लेन में सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। महाराष्ट्र अभी भी अजीत पवार की मौत के सदमे से उबर नहीं पाया है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जताया और अजीत पवार को श्रद्धांजलि दी। पायलटों की तारीफ करने वाली पोस्ट भी शेयर की गईं। कैप्टन सुमित कपूर को याद करते हुए कई पोस्ट में एक युवा पायलट की फोटो थी। यह फोटो, जिसे कैप्टन कपूर का बताया जा रहा था, कुछ मीडिया आउटलेट्स ने शेयर की थी। मगर इस बीच पता चला है कि कैप्टन सुमित कपूर के नाम से वायरल हो रही फोटो कैप्टन साहिल मदन की है। दरअसल साहिल मदन का लिंक्डइन पर प्रोफाइल है, और सुमित कपूर के नाम से वायरल हो रही वही फोटो मदन के प्रोफाइल पर मौजूद है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट में दिखाया गया कि मृत पायलट का नाम साहिल मदन लिखा था। पोस्ट के कमेंट सेक्शन में, संजम साहनी नाम की एक महिला ने लिखा कि कैप्टन साहिल उनके पति हैं और वह प्लेन में नहीं थे। इससे पता चला कि वायरल फोटो कैप्टन सुमित कपूर की नहीं, बल्कि कैप्टन साहिल मदन की है। दिलचस्प बात यह है कि कैप्टन साहिल मदन, जिनकी फोटो वायरल हुई, वह भी वीएसआर एविएशन में काम करते हैं, जैसा कि उनके लिंक्डइन प्रोफाइल पर देखा जा सकता है। ‎स्वेता/संतोष झा- ०२ फरवरी/२०२६/ईएमएस