राज्य
02-Feb-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाक़त आश्रम पटना में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने चार सगंठन ज़िलों की समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में पटना महानगर, पटना ग्रामीण-1, पटना ग्रामीण-2 और वैशाली जिले के अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष के साथ बैठक में संगठन सृजन कार्यक्रम के साथ साथ ज़िलों में चल रही पार्टी की अलग अलग गतिविधियों की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के पूर्व ज़िला अध्यक्षों से विस्तृत रिपोर्ट ली गई और फिर ज़िला अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और ज़िले के अन्य वरिष्ठ नेताओं से उस पर बिंदुवार चर्चा हुई। बैठक में बिहार के लिये पार्टी की क्या रणनीति हो इस पर भी उक्त जिलों के वरिष्ठ नेताओं से राय मशविरा की गई। समीक्षा बैठक में क्रमवार तरीके से पार्टी के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने गहनता से विस्तृत समीक्षा की। कांग्रेस पार्टी ने ये जिम्मेदारी तय की है कि अब ज़मीनी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कड़ा संघर्ष कर जनता के समस्याओं का निवारण करेगी। संतोष झा- ०२ फरवरी/२०२६/ईएमएस