राज्य
02-Feb-2026
...


:: छात्राओं ने उत्साह के साथ बनवाई लर्निंग लाइसेंस; परिवहन अधिकारियों ने सिखाए यातायात के नियम :: इंदौर (ईएमएस)। परिवहन विभाग द्वारा संचालित संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत सोमवार को शहर के शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय (जीएलजी) परिसर में एक विशेष लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कॉलेज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लाइसेंस बनवाने की सरकारी प्रक्रिया को मौके पर ही पूर्ण किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को परिवहन सेवाओं से सीधे जोड़ना और उन्हें सुविधाजनक रूप से लाइसेंस उपलब्ध कराना था। :: मौके पर ही पूर्ण हुई आवेदन प्रक्रिया :: शिविर के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को लर्निंग लाइसेंस से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां प्रदान कीं। विभाग की टीम ने कॉलेज परिसर में ही छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कराए और लाइसेंस प्राप्ति की आगामी प्रक्रिया से अवगत कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की इस पहल का उद्देश्य परिवहन सेवाओं में पारदर्शिता लाना और नागरिकों, विशेषकर युवाओं को बिना किसी बिचौलिए के सीधे सरकारी सेवाओं का लाभ प्रदान करना है। :: यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक :: लाइसेंस प्रक्रिया के साथ-साथ छात्राओं को सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के बारे में भी विस्तार से शिक्षित किया गया। परिवहन विभाग के विशेषज्ञों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क संकेतों के महत्व पर प्रकाश डाला। कॉलेज प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से छात्राओं का समय बचता है और वे नियमबद्ध नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर होती हैं। विभाग द्वारा भविष्य में भी अन्य शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे शिविर आयोजित करने की योजना है। प्रकाश/02 फरवरी 2026