:: कुमेडी और भानगढ़ में केमिकल युक्त काले पानी का कहर; मंत्री ने नाले में उतरकर किया निरीक्षण, अफसरों को दिए सख्त कार्रवाई के आदेश :: इंदौर (ईएमएस)। सांवेर के कुमेडी और भानगढ़ क्षेत्र में उद्योगों द्वारा फैलाए जा रहे जहरीले साम्राज्य पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। खेतों में बिछाए जा रहे मौत के जाल यानी केमिकल युक्त बदबूदार काले पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिलावट ने प्रशासनिक लाव-लश्कर के साथ मौके पर मुआयना किया। दूषित पानी का खौफनाक मंजर देख मंत्री ने तल्ख तेवर अपनाते हुए कहा, नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले उद्योगपति सावधान हो जाएं, अब सीधी कार्रवाई होगी। :: खेत बन रहे बंजर, पानी हुआ जहरीला :: निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई इकाइयां नियमों को ताक पर रखकर बिना ट्रीटमेंट के घातक केमिकल नालों और खाली जमीनों में बहा रही हैं। सिलावट ने प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि धरातल पर कड़ा एक्शन दिखना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे उद्योगों को चिन्हित कर तत्काल तालेबंदी और भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाए। :: एक्शन मोड में प्रशासन : जांच और शुद्धिकरण शुरू :: मंत्री के कड़े रुख को देखते हुए अमला तुरंत सक्रिय हुआ। सिलावट ने अपर कलेक्टर निधि वर्मा और अपर आयुक्त प्रखर सिंह को स्पष्ट रणनीति बनाने के निर्देश दिए: क्लोरीन का कवच : क्षेत्र के सभी बोरिंगों की तत्काल जांच कर उनमें क्लोरीन डालने के आदेश दिए गए ताकि पेयजल दूषित न हो। निकासी का मास्टर प्लान : जलभराव रोकने के लिए वैज्ञानिक तरीके से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाएगी। हॉटस्पॉट की निगरानी : जहां भी पानी जमा है, वहां नगर निगम की टीमें शुद्धिकरण का कार्य करेंगी। :: मौके पर मौजूद रहा अमला :: इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। पार्षद राजेंद्र राठौर, संध्या जायसवाल, योगेश गेंदर सहित प्रदूषण विभाग के संजय जैन एवं सतीश चौकसे को मंत्री ने फील्ड पर ही जिम्मेदारी सौंपी। प्रकाश/02 फरवरी 2026