:: प्रशासन की सर्जिकल स्ट्राइक : न्यू मिलन बेकरी में मिला संदिग्ध पाउडर, सेठ प्रोडक्ट्स की 83 हजार की सामग्री जब्त :: इंदौर | 02 फरवरी 2026 इंदौर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाए रखने और नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में है। कलेक्टर शिवम वर्मा के कड़े रुख के बाद खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार को शहर के मिलावटखोरों पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की। टीम ने न केवल गंदगी के बीच बन रहे खाद्य पदार्थों को पकड़ा, बल्कि बिना लाइसेंस चल रहे कारखानों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया। :: न्यू मिलन बेकरी : काली दीवारों के बीच सफेद जहर का खेल :: धार रोड स्थित न्यू मिलन बेकरी में जब अधिकारियों ने कदम रखा, तो वहां का नजारा बेहद डरावना था। नरकीय हालात : परिसर की दीवारों पर जमी कालिख, फर्श पर बिखरा कच्चा माल और बिना ग्लव्स-एप्रन के काम करते श्रमिक खाद्य सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ा रहे थे। सैकरिन की आशंका : टोस्ट को मीठा बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक संदिग्ध सफेद पाउडर बरामद हुआ। टीम ने 210 किलो टोस्ट जब्त कर बेकरी को तत्काल बंद करने का नोटिस थमा दिया। :: सेठ प्रोडक्ट्स : बिना लाइसेंस, बोरिंग का पानी और केमिकल का तड़का :: तिलकपथ स्थित सेठ प्रोडक्ट्स पर हुई कार्रवाई ने एक और अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। यहाँ प्रोपाइटर सोनाली सेठ बिना किसी वैध लाइसेंस के पान चटनी का निर्माण कर रही थीं। धोखाधड़ी का व्यापार : चटनी में हानिकारक कृत्रिम रंग और एक अज्ञात सफेद केमिकल मिलाया जा रहा था। शुद्ध पानी की जगह बोरिंग के पानी का इस्तेमाल हो रहा था। बड़ी बरामदगी : प्रशासन ने यहाँ से 316 लीटर (198 बॉक्स) पान चटनी जब्त की, जिसकी कीमत 83,160 रुपये है। लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन के चलते प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। :: जनता की शिकायतों पर ऑन द स्पॉट न्याय :: कलेक्टर के विजन के अनुरूप, विभाग अब शिकायतों के बंद फाइलों में दबने का इंतजार नहीं कर रहा। सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के बाद विभाग की मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब सीधे सिरपुर क्षेत्र की गलियों में पहुँची। यहाँ मसालों का मौके पर ही परीक्षण किया गया, जिससे क्षेत्रीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया। :: प्रशासन का कड़ा संदेश :: शहर की सेहत से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लाइसेंस की आड़ में मिलावट करने वाले हों या बिना अनुमति के दुकान चलाने वाले, कार्रवाई सबके खिलाफ समान और सख्त होगी। प्रकाश/02 फरवरी 2026