० ग्रीष्म ऋतु के पहले होगा समस्या का समाधान रायपुर (ईएमएस)। रायपुर नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में लो-प्रेशर वाटर सप्लाई की समस्या को दूर करने नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रांरभ किया जा रहा है। शहर के जिन इलाकों में लो-प्रेशर की समस्या आ रही है, वहां संबंधित जोन कार्यालयों के माध्यम से परीक्षण कराया जायेगा। रायपुर के सभी 70 वार्डो का निरीक्षण जल बोर्ड के अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार कर समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हांकित कर आगामी ग्रीष्म ऋतु के पहले समाधान किया जायेगा। रायपुर नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्रांतर्गत 70 वार्डो में 45 टंकियों से जल वितरण वाहिनी के माध्यम से जल प्रदाय सुनिश्चित की जाती है। अमृत मिशन योजनांतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग क्षमता के कुल 14 ओव्हरहेड टैंकों के निर्माण किये गये हैं। शहर के 20 वार्डों के संपूर्ण क्षेत्र में तथा 25 वार्डों में आंशिक क्षेत्रों में नवीन पाइपलाइन बिछाकर नये कनेक्शन का कार्य कराया गया है। स्मार्ट सिटी के 24X7 मोतीबाग टंकी के कमाण्ड एरिया एवं गंज टंकी के कमाण्ड एरिया के 16 वार्डो में नया डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाकर नये नल कनेक्शन के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में 70 वार्डो में से किसी भी वार्ड में गंदे पानी की शिकायत नहीं है। विगत माह गायत्री नगर, सेल्स टैक्स कॉलोनी व पिंक सिटी कॉलोनी में गंदे पानी की शिकायत आने पर तत्काल डेमेज्ड पाइपलाइन्स (Damaged Pipelines) को सुधार कर इन क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। वर्तमान में गंदे पानी की शिकायत किसी भी जोन से प्राप्त नहीं हुई है। जोन-4 के अंतर्गत मोतीबाग, न्यू बैरनबाजार, पुराना बैरनबाजार एवं महापौर निवास में स्थित 4 ओव्हरहेड टैंकों के माध्यम से जल प्रदाय सुनिश्चित की जाती है। इन क्षेत्रों के न्यू पंचशील नगर, कटोरातालाब, मीनाक्षी ब्यूटी पार्लर के पास का क्षेत्र, महिला थाना, पुराना शांति नगर एवं ब्राह्मण पारा वार्ड के सोहागा मंदिर के पीछे वाला क्षेत्र, रामजानकी मंदिर, पटवा पारा एवं ढीमर पारा में जल प्रदाय किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में विगत दिनों स्मार्ट सिटी के 24X7 मोतीबाग कमाण्ड एरिया में ट्रायल बेसिस पर जल प्रदाय सुनिश्चित की जा रही थी, जिसके कारण न्यू बैरन बाजार के पृथक-पृथक सप्लाई समय को नियंत्रित करते हुए प्रायोगिक तौर पर सप्लाई किया गया था। ट्रायल के दौरान आंशिक क्षेत्रों में लो-प्रेशर एवं कम पानी प्राप्त होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस परीक्षण के कारण कुछ क्षेत्रों में लो-प्रेशर की समस्या उत्पन्न हुई थी। वर्तमान में सभी क्षेत्रों में पूर्व की भांति जल प्रदाय सुनिश्चित की जा रही है। रायपुर नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि ब्राह्मण पारा वार्ड के सोहागा मंदिर के पीछे वाला क्षेत्र जिसमें रामजानकी मंदिर, पटवा पारा एवं ढीमर पारा में लो-प्रेशर की समस्या को दूर करने नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रांरभ किया जा रहा है। जहां भी लो-प्रेशर की समस्या आ रही है, वहां जोन कार्यालयों के माध्यम से परीक्षण एवं निरीक्षण कर जल बोर्ड के अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार क्षेत्रों को चिन्हांकित कर आगामी ग्रीष्म ऋतु के पहले समाधान किया जाएगा। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/02 फ़रवरी 2026