भागलपुर, (ईएमएस)। भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पीएम-किसान योजना से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। विशेष रूप से ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री का कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपादित किया जाना अनिवार्य है, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा, तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों/कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी अंचल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी प्रखंड अथवा अंचल कार्यालय से संपर्क कर पीएम-किसान ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री से संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके। संतोष झा- ०२ फरवरी/२०२६/ईएमएस