बालाघाट (ईएमएस). प्रदेश सरकार द्वारा रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रदेश में पहली बार 16 जिलों में समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी की खरीदी की गई है। समर्थन मूल्य पर कोदो कुटकी की खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी। बालाघाट जिला समर्थन मूल्य पर कोदो की खरीदी में जबलपुर संभाग के 7 जिलों में 2082 क्विंटल कोदो की खरीदी कर प्रथम स्थान पर रहा है। उपसंचालक कृषि फूलसिंह मालवीय ने बताया कि बालाघाट जिले में 783 किसानों ने कोदो और 34 किसानों ने कुटकी समर्थन मूल्य पर विक्रय के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन कराया था। इनमें से 211 किसानों से 2082 क्विंटल कोदो की खरीदी की गई है। इतनी अधिक मात्रा में कोदो की खरीदी जबलपुर संभाग के किसी अन्य जिले में नहीं हुई है। डिंडोरी जिला 199 क्विंटल कोदो की खरीदी के साथ संभाग में द्वितीय स्थान पर और कटनी 146 क्विंटल के साथ तृतीय स्थान पर रहा है। उपसंचालक मालवीय ने बताया कि जिले के 211 किसानों से 52 लाख 4 हजार 947 रुपए की 2082 क्विंटल कोदो की खरीदी हुई है। ऋण वसूली के पश्चात किसानों को 50 लाख 24 हजार 747 रुपए का भुगतान कर दिया गया है। जिले के 6 किसानों से समर्थन मूल्य पर 5 लाख 57 हजार 743 रुपए की 16 क्विंटल 50 किलोग्राम कुटकी की खरीदी की गई है। समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी की खरीदी का कार्य बिरसा क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा किया गया है। मिलेगी प्रोत्साहन राशि श्रीअन्न उत्पादक जिले के कृषकों से खरीफ- 2025 में उत्पादित श्रीअन्न कुटकी 3500 रुपए प्रति क्विंटल एवं कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की गई है। इसके अतिरिक्त कृषकों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से संबंधित कृषकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रदाय किये जायेंगे। इस प्रकार जिले के कोदो-कुटकी विक्रय करने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 20 लाख 98 हजार 500 रुपए की राशि अतिरिक्त मिलेगी। भानेश साकुरे / 02 फरवरी 2026