10 फरवरी से 10 वीं तो 13 से 12 वीं कक्षा की परीक्षा होगी प्रारंभ बालाघाट (ईएमएस). माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश भोपाल की कक्षा 10 वीं की बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से और कक्षा 12 वीं की बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से प्रारंभ होने वाली है। कलेक्टर मृणाल मीना के मार्गदर्शन में बालाघाट जिले में इन परीक्षाओं के व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। 2 फरवरी को जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया और बताया गया कि उन्हें परीक्षा के दौरान क्या कार्य करने है और कौन से दायित्वों का निर्वहन करना है। प्रशिक्षण में जिला शिक्षा अधिकारी एके उपाध्याय ने बताया कि कलेक्टर प्रतिनिधियों को एप के माध्यम से संबंधित थाना, केन्द्र पर उपस्थित होकर मंडल के निर्देशानुसार थाने से प्रश्न पत्र निकलवाने, परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही का पर्यवेक्षण करना है। परीक्षा केंद्र पर सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मोबाइल फोन बंद कराकर सील किए जाएंगे और किसी के पास फोन शेष नहीं रहेगा। प्रश्न-पत्रों के बॉक्स खोलने के पूर्व बॉक्सों की छह तरफ का वीडियो बनाकर माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल को नामांकित व्यक्ति को वॉट्सएप पर प्रतिदिन सुबह 8.30 के पहले भेजना होगा। प्रशिक्षण में बताया गया कि परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्रों के बॉक्स खुलने के उपरांत यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पैकेट को सुबह 8 बजकर 30 मिनट तक नहीं खोला जाए और पर्यवेक्षकों को सुबह 8 बजकर 45 के पूर्व पैकेट उपलब्ध नहीं कराये जायेंगे। प्रतिदिन परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे तक उपस्थित रहकर परीक्षा को सुचारु रूप से प्रांरम्भ होने के बाद ही एप से लागआउट होने के बाद परीक्षा केंद्र छोडेंगे। शासन एवं मंडल द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और नकल रोकने के लिए निरीक्षण दल बनाए गए हैं, जो प्रतिदिन कम से कम चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और नकल प्रकरण पाये जाने पर जिला कलेक्टर एवं सचिव को अवगत कराएंगे। इन निर्देशों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। भानेश साकुरे / 02 फरवरी 2026