बालाघाट (ईएमएस). जिले में संचालित पेट्रोलपंपों पर शासन द्वारा निर्धारित मापदंड के अनुसार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर राजस्व एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप पर बुनियादी सुविधाएं नहीं पाये जाने पर पंप संचालक के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जा रही है। सोमवार को नायब तहसीलदार बबीता सुर्या और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा किरनापुर के ओम साईं फ्यूल्स, मां किरनाई फ्यूल्स, रविशंकर एंड कंपनी और सुरेंद्र एंड ब्रदर्स रजेंगांव पेट्रोल पंपो का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुलभूत सुविधाओं जैसे हवा भरने की मशीन, पीने के शुद्ध पानी की व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। इस दौरान निर्देशित किया गया कि हवा भरने की मशीन चालू हालत में रहना चाहिए और जरूरतमंद व्यक्ति पंप की हवा का उपयोग कर सके ऐसा सुनिश्चित किया जाए। शौचालयों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये गए। भानेश साकुरे / 02 फरवरी 2026