रबी विपणन वर्ष में गेहूं उपार्जन की बैठक, विकासखंड स्तर पर बनीं टीमें छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। रबी सीजन के गेहूं के इस साल के उपार्जन से पहले जिले में इसकी व्यवस्थओं को लेकर कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने सोमवार को बैठक ली। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन प्रक्रिया एक महीने तक चलेगी। इस दौरान केंद्रों में व्यवस्थाएं पर्याप्त रखने और गर्मी का देखते हुए किसानों के लिए सुविधाओं के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। ध्यान रहे इस साल जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में 7 फरवरी से 7 मार्च तक पंजीयन कराए जाएंगे। कलेक्टर कार्यालय स्थित मिनी सभाकक्ष में जिला उपार्जन समिति की बैठक में किसान पंजीयन एवं उपार्जन प्रक्रिया का निर्धारण किया गया। बैठक में शासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय एवं विकासखण्ड स्तरीय समितियों के गठन की जानकारी दी गई। ये समितियां किसान पंजीयन एवं गेहूं उपार्जन से संबंधित समस्त विवादों का अंतिम निराकरण करेंगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसान गिरदावरी में फसल, रकबा और फसल की किस्म की प्रविष्टियां सही-सही कराएं, जिससे पंजीयन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो एवं गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। बैठक में बताया गया कि किसान नि:शुल्क रूप से अपने मोबाइल के माध्यम से किसान एप पर घर बैठे भी पंजीयन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त सेवा सहकारी समितियों, विपणन संस्थाओं तथा सशुल्क माध्यम से एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोक सेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे की मदद भी इसके लिए ले सकेंगे। बैठक में डिप्टी कलेक्टर राहुल पटेल, उप संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। ईएमएस / 02 फरवरी 2026