क्षेत्रीय
02-Feb-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। कोयलांचल के जुन्नारदेव थाना अंतर्गत करीब २३ दिन पहले जहरीली मिठाई खाने से हुई तीन मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपियों जिनमें मृतिका के ससुर देवर और ननद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ध्यान रहे कि पुलिस ने रविवार को जहरीली मिठाई से हुई मौतों के मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया था। गौरतलब है कि ८ जनवरी को पीएचई कार्यालय के समीप मुकेश कथुरिया की चाय की दुकान पर किसी अंजान व्यक्ति ने मिठाई सहित घरेलु सामान की थैली चाय के ठेले में टांग कर चला गया था। दूसरे दिन पीएचई कार्यालय के चौकीदार दशरू यदुवंशी निवासी डुंगरिया ने थैले से मिठाई निकाल कर खा ली थी, इसी रात को दुकान चाय दुकान संचालक मुकेश कथुरिया ने उक्त मिठाई को घर ले गया और अपनी पत्नी संतोषी कथुरिया और दोनो बेटी खुशबु और पूजा तथा ससुर सुंदरलाल कथुरिया ने उक्त मिठाई को खा लिया था, जिससे उनकी तबियत खराब होने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था इलाज के बाद पीएचई के चौकीदार दशरू यदुवंशी, सुंदरलाल कथुरिया तथा खुशबु कथुरिया की बारी-बारी मौत हो गई थी। टीआई राकेश बघेल ने बताया कि जांच के बाद सामने आया कि खुशबू के ससुर झाड़ू कसार, देवर शुभम कसार एवं ननद शिवानी कसार तीनो निवासी ग्राम थावरीकला ने बहु खुशबू से बदला लेने के लिए मिठाई में घोड़े को देने वाली दवा मिलाई थी। तीनों आरोपियों को पुलिस जेल में भेज दिया है। ईएमएस / 02 फरवरी 2026