छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। बिछुआ थाना अंतर्गत ग्राम गोनावाड़ी में किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के परिवार के एक आरोपी को राउंडअप किया है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना के दूसरे दिन सोमवार को एफएसएल की टीम गोनावाड़ी पहुंची थी और यहां से टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। समझा जा रहा है कि इस आधार पर मंगलवार को पुलिस इस मामले का खुलासा कर सकती है। गौरतलब है कि बिछुआ के गोनावाड़ी निवासी पतिराम परतेती पिता मगनू परतेती (५८) खेती किसानी का काम करता था। रविवार सुबह वह रोज की तरह अपने खेत गया था, लेकिन देर शाम तक वह खेत से नहीं लौटा तो मृतक के छोटे पुत्र खेत पहुंचा जहां उसके पिता पतिराम का शव खेत के कोठे में पड़ा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार खेती के बटवारे को लेकर मृतक पतिराम का अपने परिवार में विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे यही वजह हो सकती है। इस मामले में पुलिस ने मृतक परिवार के एक सदस्य को राउंडअप किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। ईएमएस / 02 फरवरी 2026