क्षेत्रीय
02-Feb-2026


छिंदवाड़ा/सौंसर जबलपुर (ईएमएस)। दक्षिण वन मंडल के सौंसर वन परिक्षेत्र के ग्राम पिपला नारायणवार के बानाबकोड़ा में रविवार की रात तेंदूए ने किसान के कोठे में बंधी गाय को अपना शिकार बना लिया। तेदुए के मूवमेंट से ग्रामीण दहशत में है। हालांकि सूचना के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और लोगों पर सतर्क रहने कहा है। मिली जानकारी के अनुसार यहां रहने वाले किसान अरूण गायकवाड़ ने बताया कि वे रोज की तरह अपने मवेशी को कोठे में बांध कर आए थे। सोमवार सुबह जब वे खेत पहुंचे तो खेत में बने कोठे में तेंदुए के पगमार्क नजर आए और जिस जगह गाय बंधी थी वह से करीब तीस फीट की दूरी पर घसीटे जाने के निशान के साथ गाय मृत अवस्था में मिली है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और तेंदुए के मूवमेंट की पुष्टि की है। एसडीओ प्रमोद चोपड़े ने बताया बानाबकोड़ा और आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किये गए है। किसान ग्रामीण रात के समय खेतों में अकेले जाने से बचें,खेतों में बने मकानों या झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने कहा गया है। ग्रामीणों की मांग तेंदुए पकड़ने लगाएं पिंजरा सौंसर वन परिक्षेत्र के ग्रामों में लगातार तेंदुए के मूवमेंट को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द पिंजरा लगाने की मांग रखी है। ताकि होने वाली जनहानि को रोका जा सके। फिलहाल तेंदुए के द्वारा की गई घटना के बाद में ग्रामीणों में भय बना हुआ है रात्रि के समय में खेतों में जाने से किसान और ग्रामीण कतरा रहे हैं। ईएमएस / 02 फरवरी 2026