मुंबई,(ईएमएस)। नवी मुंबई से लापता 20 वर्षीय लॉ स्टूडेंट श्रेया नरेंद्र पाटी का शव पुणे जिले के लोनावाला स्थित टाइगर पॉइंट की 400 फीट गहरी खाई में मिला है। पुलिस के अनुसार, श्रेया 30 जनवरी से लापता थी। शव को ढूँढने में ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। श्रेया बिट्स लॉ स्कूल की छात्रा थी। 30 जनवरी को उसने नवी मुंबई स्थित घर से कहा था कि वह लोनावला में ड्यूक्स नोज पर ट्रेकिंग करने जा रही है और शाम तक लौट आएगी। इसके बाद उसका फोन नेटवर्क से बाहर हो गया। पुलिस ने बताया कि उसी दिन शाम को श्रेया के पिता को टाइगर पॉइंट के पास नाश्ते की दुकान चलाने वाले व्यक्ति का फोन आया। दुकानदार ने बताया कि उसकी दुकान के पास एक बैग मिला है, जिसमें श्रेया का कॉलेज आईडी कार्ड था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने लोनावला में खोजबीन तेज की और ड्रोन की मदद से उसका शव खाई में पाया। अधिकारियों का अनुमान है कि श्रेया खाई में गिर गई, लेकिन मामले की पूरी जांच अभी चल रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 03फरवरी26