अंतर्राष्ट्रीय
03-Feb-2026


वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका में 2026 के फंडिंग बजट को मंजूरी न मिलने के कारण आंशिक सरकारी शटडाउन को चार दिन हो गए है। इसके पहले भी अमेरिका हाल के वर्षों के सबसे लंबे शटडाउन का सामना कर चुका है, और अब फिर राजनीतिक गतिरोध के चलते कई अहम सरकारी एजेंसियों का कामकाज प्रभावित हुआ है। गृह सुरक्षा विभाग, रक्षा विभाग और अन्य संघीय एजेंसियों की फंडिंग शनिवार को समाप्त हो गई, जिसके बाद आंशिक शटडाउन लागू करना पड़ा। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सांसदों से शटडाउन को जल्द खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उठाए गए मुद्दों और चिंताओं पर “अच्छी नीयत” से काम किया जाएगा, बशर्ते फंडिंग पैकेज को मंजूरी मिले। ट्रंप ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स से अपील की, लेकिन रिपब्लिकन और डेमोक्रेट—दोनों ही दलों के सांसद फिलहाल सहमति के मूड में नजर नहीं आए। शटडाउन उस संवेदनशील समय में हुआ है, जब डेमोक्रेट सांसद इमिग्रेशन एनफोर्समेंट ऑपरेशनों में बदलाव की मांग कर रहे हैं। जनवरी में मिनियापोलिस में हुई फायरिंग की घटना, जिसमें दो अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई थी, ने मुद्दे को और गंभीर बना दिया है। डेमोक्रेट्स का कहना है कि इमिग्रेशन और कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) के ऑपरेशनों पर संसद में विस्तृत चर्चा और नियंत्रण जरूरी है। हाउस डेमोक्रेटिक लीडर हकीम जेफ्रीज ने स्पष्ट किया कि मौजूदा फंडिंग बिल को मंजूरी देने का उन्हें कोई ठोस कारण नजर नहीं आता। उन्होंने रिपब्लिकन नेतृत्व पर अव्यवस्था का आरोप भी लगाया। वहीं, फंडिंग बिल में आईसीई के बॉडी कैमरों के लिए 20 मिलियन डॉलर से अधिक का प्रावधान डेमोक्रेट्स के विरोध की एक और वजह बन गया है। आशीष दुबे / 03 फरवरी 2026