मेलबर्न(ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर से महात्मा गांधी की एक कांस्य प्रतिमा चोरी हो गई है। यह प्रतिमा भारत सरकार की तरफ से भेंट की गई थी। 12 नवंबर 2021 को ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन पीएम स्कॉट मॉरिसन ने इसका उद्घाटन किया था। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक यह घटना 12 जनवरी की रात करीब 12:50 बजे हुई। नॉक्स क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट इस चोरी की जांच कर रही है। इस घटना के बाद मेलबर्न के भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय ने नाराजगी जताई। पुलिस के मुताबिक तीन अज्ञात लोग किंग्सली क्लोज, रोविल में स्थित चैरिटी परिसर से प्रतिमा चुराकर ले गए। बयान के अनुसार, चोरों ने प्रतिमा काटने के लिए एंगल ग्राइंडर का इस्तेमाल किया। पुलिस ने स्क्रैप मेटल डीलरों को सतर्क रहने को कहा है। अगर कोई व्यक्ति इस कांस्य प्रतिमा को बेचने की कोशिश करे तो तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। विनोद उपाध्याय / 03 फरवरी, 2026