अंतर्राष्ट्रीय
03-Feb-2026


टोरंटो (ईएमएस)। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में जबरन वसूली के गंभीर मामले में पुलिस ने एक किशोर सहित 3 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन युवकों ने एक घर को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं और संपत्ति के पास आग भी लगा दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय हरजोत सिंह, 19 वर्षीय तरनवीर और 21 वर्षीय दयाजीत सिंह बिलिंग के रूप में हुई है। तीनों पर किसी स्थान पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। उन्हें अदालत में पेश कर शुक्रवार तक हिरासत में भेज दिया गया है। चूंकि तीनों विदेशी नागरिक हैं, इसलिए कनाडा सीमा सेवा एजेंसी (सीबीएसए) को भी मामले में शामिल किया गया है। घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे की है, जब सरे पुलिस सेवा इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक घर के बाहर गोलीबारी और आग लगने की सूचना मिली। मौके पर सरे पुलिस के साथ-साथ डेल्टा पुलिस और इंटीग्रेटेड पुलिस डॉग सर्विस भी पहुंची। पुलिस ने पास ही एक संदिग्ध वाहन देखा, जिसके सवार पैदल भागने लगे। कुछ ही समय बाद तीनों संदिग्धों को एक राइडशेयर वाहन में बैठते हुए पकड़ लिया गया। फायर सर्विस ने घर की बाड़ के पास लगी छोटी आग पर काबू पा लिया। आग से घर को बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोलीबारी से संपत्ति को क्षति पहुंची है। उस समय घर के अंदर लोग मौजूद थे, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यह कार्रवाई ‘प्रोजेक्ट एश्योरेंस’ के तहत की गई, जिसे लोअर मेनलैंड और सरे क्षेत्र में बढ़ते जबरन वसूली मामलों के बाद शुरू किया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह भी इसी तरह के एक मामले में दो अन्य भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आशीष दुबे / 03 फरवरी 2026