ज़रा हटके
04-Feb-2026
...


शंघाई (ईएमएस)। चीन के वैज्ञानिकों ने ऐसा अनोखा ह्यूमनॉइड रोबोट बनाया है, जो जरूरत के अनुसार खिंच सकता है। यह रोबोट पूरी तरह ‘इंफ्लेटेबल स्ट्रक्चर’ पर आधारित है। रोबोट हवा भरने से खड़ा हो जाता है और हवा निकालने पर कपड़ों के ढेर जैसा छोटा और नरम हो जाता है। पूरी तरह फुलाए जाने पर इसकी ऊंचाई एक सामान्य इंसान की कमर से ऊपर तक पहुंच जाती है, जबकि बिना हवा के यह आसानी से किसी बैग या छोटे बॉक्स में समा सकता है। इस रोबोट को बनाने में धातु की रॉड या कठोर ढांचे का उपयोग नहीं किया गया है। इसकी संरचना ‘ग्रोएबल लिंकेज’ तकनीक पर आधारित है, जो इंसानी हड्डियों के प्राकृतिक विकास से प्रेरित है। इसके हाथ, पैर और दूसरे हिस्सों के अंदर कई चैंबर बनाए गए हैं, जिन्हें विशेष फैब्रिक और केबल से ढका गया है। इन चैंबरों में जब हवा का दबाव बढ़ता है, तो अंग लम्बे होते जाते हैं, और दबाव कम होने पर सिकुड़ जाते हैं। डिजाइन इतना मजबूत है कि रोबोट भार सहने पर भी अपना आकार खोए बिना स्थिर रहता है। यह ह्यूमनॉइड अपनी लंबाई आधा मीटर से बढ़ाकर 1.3 मीटर से ज्यादा तक कर सकता है। सिर्फ ऊंचाई ही नहीं, बल्कि यह शरीर को संकरा भी कर लेता है, जिससे यह उन संकीर्ण जगहों से भी निकल सकता है, जहां आम रोबोट फंस जाते हैं। परीक्षण के दौरान यह रोबोट सहजता से दरारों, टाइट गैप और तंग रास्तों से गुजर गया। इसकी पोर्टेबिलिटी भी खास है इसे एक छोटे बॉक्स में रखकर कहीं भी ले जाया जा सकता है और बाहर निकलते ही यह खुद को फुलाकर चलने के लिए तैयार हो जाता है। हालांकि इसकी चाल अपेक्षाकृत धीमी है, लेकिन इसकी लचक इसे अत्यंत उपयोगी बनाती है। इसका हल्का इंफ्लेटेबल ढांचा इसे पानी पर भी तैरने में सक्षम बनाता है। वॉटरप्रूफ कवर की मदद से यह पानी में अपने वजन से कई गुना अधिक भार भी उठा सकता है। पानी के अंदर इसकी मूवमेंट इंसान की तरह दिखाई देती है। यदि इसमें फिन या वज़न जोड़ा जाए, तो यह पानी की सतह पर और तेज गति से चल सकता है। सॉफ्ट रोबोटिक्स की वजह से गिरने या टकराने पर इसे नुकसान का खतरा न के बराबर है। इसका नरम शरीर सदमे को अवशोषित कर लेता है, जिससे आंतरिक कंपोनेंट्स सुरक्षित रहते हैं। इंसानों के आसपास भी यह पूरी तरह सुरक्षित साबित होता है। सुदामा/ईएमएस 04 फरवरी 2026