- हजारों श्रद्धालु हुए शामिल - निकली भव्य शोभायात्रा कोरबा (ईएमएस) कोरबा नगर के कृषक सुदर्शन देवांगन के निवास पर देवांगन समाज की कुलदेवी माता परमेश्वरी देवी के चार दिवसीय चिंत पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन 3 फरवरी को श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। माता परमेश्वरी की जलभरण कलश शोभायात्रा निकाली गई, जो देवी स्थल से प्रारंभ होकर रहस बेड़ा चौक, मुख्य मार्ग, इंदिरा चौक, बस स्टैंड, लैनपारा होते हुए देवरहा तालाब पहुंची। वहां विधिवत जल भरकर शोभायात्रा पुनः माता की बैठकी स्थल पर पहुंची, जहां बैगाओ द्वारा वैदिक विधि-विधान से माता की स्थापना की गई। जलभरण शोभायात्रा में देवांगन समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियों सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान नगर के चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जगह-जगह फूलों की वर्षा कर माता का स्वागत किया गया। चार दिवसीय आयोजन के दौरान नगर के भजन मंडलियों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा माता सेवा के जस गीतों का सतत आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने माता परमेश्वरी के समक्ष मत्था टेककर प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। रात्रि में कुलदेवी पूजा उपरांत देवांगन समाज द्वारा भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरबा जिले सहित बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, पंतोरा, सिवनी, बलौदा एवं मुंगेली से बड़ी संख्या में समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। 04 फरवरी / मित्तल