जबलपुर (ईएमएस)। अगले माह से आरंभ होने वाली गेहूं खरीदी में कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी न हो इसके लिए प्रशासन अपने स्तर पर प्रभावी कदम उठाते हुए जीपीएस और कंट्रोल सेंटर जैसी तकनीकी से इस बार निगरानी करेगी। जबलपुर संभाग और जिला जबलपुर में गेहूं की खरीद, परिवहन, गुणवत्ता, परीक्षण,भंडारण और भुगतान में होने वाली अनियमतिताओं को रोकने के लिए संभाग स्तर पर मॉनिटरिंग करने के लिए चुनिंदा अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अनाज परिवहन के दौरान वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा और इसकी लगातार निगरानी भी होगी। खाद्य विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउिसंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी एक क्लिक में भंडारण, परिवहन और मिलिंग की जानकारी हासिल कर सकेंगे। गौरतबल है कि हाल ही में हुई धान खरीदी, परिवहन में कुछ स्थानों में मिली गड़बड़ी के बाद हर जिले में एक मॉनिटरिंग अधिकारी को तैनात किया जाएगा, ताकि कहीं कोई गड़बड़ी न हो। अजय पाठक / मोनिका / 04 फरवरी 2026