- केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों का प्रशिक्षण आयोजित जबलपुर (ईएमएस)। प्रदेश में अगले सप्ताह से एमपी बोर्ड की दसवीं तथा बारहवी बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं जो 7 मार्च तक चलेंगी। उक्त बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो गर्इं हैं। इनके संचालन में किसी भी प्रकार की कोताही न हो, इस पर जिला प्रशासन द्वारा तमाम उपाय किए जा रहे हैं। परीक्षाओं के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी क्रम में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल उ.मा.स्कूल में परीक्षाओं के लिये निर्धारित किये गये सभी 100 परीक्षा केंद्रों में नियुक्त केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत ने उक्त प्रशिक्षण को संबोधित करते हुये केंद्राध्यक्षों एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों को सौपें गये दायित्वों का पूरी निष्ठा और गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा का संचालन पूर्णत: व्यवस्थित और निष्पक्ष हो, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्री गहलोत ने परीक्षा में नियुक्त सभी लोकसेवकों के भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी, सजगता एवं ईमानदारी से करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने जानकारी दी कि बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से प्रारंभ होकर 7 मार्च तक संचालित होंगी। जिले में कुल 100 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 96 नियमित एवं 04 निजी परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इनमें से 04 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं, जहाँ प्रेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। कक्षा दसवीं में कुल 23 हजार 088 परीक्षार्थी एवं कक्षा बारहवीं में 18 हजार 640 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने केन्द्राध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा के दौरान कलेक्टर प्रतिनिधि के साथ निर्धारित समय पर संबंधित थाने से प्रश्नपत्र प्राप्त कर परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित रूप से पहुँचाएं तथा सॉफटवेयर में आवश्यक प्रविष्टियाँ समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी सभी संबंधितों को देने, पर्यवेक्षकों की समय पर व्यवस्था कर अनुमोदन कराने, प्रश्नपत्र रखने वाले थानों में पूर्व से जाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा गोपनीय सामग्री का वितरण समयबद्ध ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। अजय पाठक / मोनिका / 04 फरवरी 2026