सुकमा(ईएमएस)। जिले में नक्सलियों के मजबूत गढ़ माने जाने वाले गोगुंडा क्षेत्र में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन लगातार दूसरे दिन भी जारी है। सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन और कोबरा 201 बटालियन के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के हथियारों के डंप को बरामद कर उनकी बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान पर निकले थे। इसी दौरान गोगुंडा पहाड़ के दूसरे छोर पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का बड़ा जखीरा मिला। तलाशी के दौरान वहां से करीब 5 किलो वजनी शक्तिशाली आईईडी (IED) भी बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने यह विस्फोटक सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से लगाया था। बम निरोधक दस्ते ने सावधानी बरतते हुए मौके पर ही इसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026